अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर बवाल

लखनऊ, 14 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर नगर गांव में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। घटना के दौरान फायरिंग और मारपीट की वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत बंथरा के चेयरमैन रंजीत रावत के समर्थकों और सभासद आशीष कुमार के बीच विवाद उस समय शुरू हुआ, जब माल्यार्पण कार्यक्रम को लेकर मतभेद सामने आया। आरोप है कि कार्यक्रम में आशीष कुमार को आमंत्रित नहीं किया गया था, लेकिन वे मौके पर पहुंच गए, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान चेयरमैन पक्ष के कुछ लोगों ने सभासद आशीष कुमार पर फायरिंग कर दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

फायरिंग के बाद दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट भी हुई। इस दौरान कई वाहनों को नुकसान पहुंचा, जिनमें चेयरमैन की फॉर्च्यूनर गाड़ियां भी शामिल बताई जा रही हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *