देश का डीप टेक कैपिटल बनेगा यूपी, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को दिया संदेश

लखनऊ, 11 मई 2026 (यूएनएस)। योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों, खासकर युवाओं के नाम एक खुला पत्र जारी करते हुए तकनीक को आत्मनिर्भरता और विकास का सबसे बड़ा आधार बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश का “डीप टेक कैपिटल” बनाने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है।

सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने युवाओं से नवीनतम तकनीक सीखने और नवाचार अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने लिखा, “तकनीक समय की तरह है। तकनीक के साथ नहीं चलना, समय से पिछड़ जाना है। तकनीक के साथ चलने का अर्थ सुदृढ़ वर्तमान एवं स्वर्णिम भविष्य की दिशा में अग्रसर होना है।”

योगी आदित्यनाथ ने “योगी की पाती” शीर्षक से लिखे पत्र में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के ऐतिहासिक महत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 11 मई 1998 को पोखरण परमाणु परीक्षण के तहत भारत ने सफल परमाणु परीक्षण कर दुनिया को अपनी वैज्ञानिक क्षमता और तकनीकी आत्मविश्वास का परिचय दिया था। इसी दिन स्वदेशी विमान “हंस-3” की सफल उड़ान और स्वदेशी “त्रिशूल” मिसाइल का परीक्षण भी किया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक अब प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि खेत-खलिहानों और आम जनजीवन तक पहुंच चुकी है। उन्होंने ऑनलाइन स्व-गणना जैसी सुविधाओं को तकनीकी प्रगति का उदाहरण बताया।

अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने शुभांशु शुक्ला का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के इस सपूत ने सफल अंतरिक्ष उड़ान से देश का गौरव बढ़ाया और यह तकनीक की शक्ति का बड़ा उदाहरण है।

सरकार की तकनीक आधारित योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “इनोवेट इन यूपी, स्केल फॉर द वर्ल्ड” के मूलमंत्र के साथ राज्य सरकार ड्रोन, क्वांटम टेक्नोलॉजी, ग्रीन हाइड्रोजन और मेड-टेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज आईटी पार्क, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में अग्रणी राज्यों में शामिल है और यहां ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे तकनीक और नवाचार को अपनाकर आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि यही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *