पीएम की सोना न खरीदने की अपील के विरोध में लखनऊ में सर्राफा बाजार बंद

लखनऊ, 11 मई 2026 (यूएनएस)। प्रधानमंत्री की ओर से देशवासियों से एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने की अपील के विरोध में सोमवार को लखनऊ महानगर सर्राफा एसोसिएशन और ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन की प्रदेश इकाई ने राजधानी लखनऊ में सर्राफा बाजार बंद रखा। कारोबारियों ने इस अपील पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इससे सर्राफा व्यापार पर गंभीर असर पड़ेगा।

व्यापारियों का कहना है कि बाजार पहले से ही मंदी और लगातार उतार-चढ़ाव का सामना कर रहा है। ऐसे समय में सोना नहीं खरीदने की अपील से कारोबार और अधिक प्रभावित होगा। सर्राफा कारोबारियों ने सरकार से इस मुद्दे पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि यदि लोग एक साल तक सोना खरीदना बंद कर देंगे तो व्यापारियों और उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को अपने इस फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए।

मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि सर्राफा कारोबार से लाखों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। यदि व्यापार प्रभावित होता है तो इसका असर केवल बड़े व्यापारियों पर ही नहीं, बल्कि छोटे दुकानदारों, कारीगरों और श्रमिकों पर भी पड़ेगा।

संगठन के पदाधिकारियों ने देशभर की सर्राफा संस्थाओं और व्यापारियों से इस मुहिम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि व्यापार को बचाने के लिए एकजुट होकर आवाज उठाना जरूरी है। कारोबारियों ने केंद्र सरकार से सर्राफा उद्योग के हितों को ध्यान में रखते हुए अपनी अपील पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *