जाति-क्षेत्र के नाम पर बांटने वाले जनता के हितैषी नहीं : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 17 मई 2026 (यूएनएस)। योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमिपूजन एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने वाले लोग कभी जनता के हितैषी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश को विकास, रोजगार और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ा रही है।

गोरखपुर के ताल नदोर क्षेत्र में 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे।

गोरखपुर में बनेगा विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सीएम ने किया इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 46 एकड़ भूमि में बनने वाले 30 हजार दर्शक क्षमता वाले क्रिकेट स्टेडियम के साथ-साथ बगल में आरक्षित 60 एकड़ भूमि पर विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हर तरह के इनडोर गेम्स की सुविधा होगी, जबकि हॉकी समेत कई आउटडोर खेल भी आयोजित किए जा सकेंगे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने से क्षेत्र में होटल, रेस्तरां और बाजारों का विकास होगा तथा बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

ताल नदोर क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ वर्ष पहले यह क्षेत्र बंजर और अतिक्रमण की चपेट में था, लेकिन अब सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कर युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी क्षेत्र में पशु चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना भी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को माफिया, गुंडागर्दी, दंगे और कर्फ्यू से मुक्त कर विकास की राह पर आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब ऐसे लोगों को सत्ता मिली तो उन्होंने परिवारवाद और अराजकता को बढ़ावा दिया, जबकि वर्तमान सरकार जनकल्याण और रोजगार सृजन पर काम कर रही है।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अब तक करीब साढ़े पांच सौ पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के जरिए सरकारी नौकरी दे चुकी है। उन्होंने बताया कि 500 खिलाड़ियों की नई भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और सांसद खेल स्पर्धा जैसी योजनाओं ने देश में नई खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम निर्माण के लिए सीएसआर फंड से 100 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने पर इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रति आभार भी जताया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *