‘गंगोत्री से गंगासागर तक खिला कमल’, पांच राज्यों के नतीजों के बाद प्रधानमंत्री का संबोधन

नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के रुझानों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय पहुंचे, जहां उनका विशेष अंदाज देखने को मिला। वे बंगाली कुर्ता-पायजामा में नजर आए। चुनावी नतीजों के बाद पार्टी में उत्सव जैसा माहौल है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मुख्यालय में जुटे हुए हैं।

प्रधानमंत्री ने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है, जब वर्षों की साधना सिद्धि में बदलती है तो जो खुशी होती है, वही आज हर कार्यकर्ता के चेहरे पर दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि यह दिन देश के उज्ज्वल भविष्य, लोकतंत्र और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल, असम, पुदुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न उपचुनावों में भी पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन मिला है।

लोकतंत्र हमारी संस्कृति का हिस्सा है
प्रधानमंत्री ने कहा कि जीत और हार लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन इन चुनावों ने एक बार फिर दुनिया को दिखाया है कि भारत लोकतंत्र की जननी क्यों कहा जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र हमारे लिए केवल व्यवस्था नहीं, बल्कि हमारी परंपरा और संस्कार है।

असम और पूर्वोत्तर पर विशेष जोर
प्रधानमंत्री ने असम में मिली सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की जनता ने लगातार तीसरी बार विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि चाय बागानों से लेकर शहरों तक पार्टी को अभूतपूर्व समर्थन मिला है और इससे विकास की गति और तेज होगी।

पूर्वोदय और विकसित भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में पूर्वी भारत की भूमिका अहम है। उन्होंने ‘अंग, बंग और कलिंग’ का उल्लेख करते हुए कहा कि ये क्षेत्र देश की समृद्धि के मजबूत स्तंभ रहे हैं और अब फिर से इन्हें सशक्त बनाने की दिशा में काम हो रहा है।

बंगाल में बदलाव का संदेश
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के संदर्भ में कहा कि यह परिणाम केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि विश्वास और बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा कि अब राज्य में भयमुक्त वातावरण, विकास और नई उम्मीदों का दौर शुरू होगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे हिंसा से ऊपर उठकर राज्य के विकास के लिए काम करें।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब समय बदले की राजनीति का नहीं, बल्कि बदलाव और भविष्य निर्माण का है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार और विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

वैश्विक चुनौतियों के बीच मजबूत भारत
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब विश्व में अस्थिरता और संकट का माहौल था, तब भारत के मतदाताओं ने स्थिरता के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव दिखाता है कि भारत हर चुनौती में एकजुट, एकमत और विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के प्रति संकल्पित है।

मुख्यालय में जश्न का माहौल
प्रधानमंत्री के पहुंचने से पहले ही पार्टी मुख्यालय में उत्साह का माहौल था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेता वहां मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ जीत का जश्न मनाया।

असम में प्रचंड जीत और पश्चिम बंगाल में मजबूत बढ़त से कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह परिणाम संगठन की रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।

इन चुनाव परिणामों के साथ अब सबकी नजर आगामी राजनीतिक दिशा और सरकार की योजनाओं पर टिकी है, जिनका संकेत प्रधानमंत्री के संबोधन में भी देखने को मिला।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *