कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में 9 मई 2026 का दिन ऐतिहासिक बन गया। आजादी के बाद पहली बार राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुभेंदु अधिकारी के साथ मंच के निकट तक रोड शो किया। भगवा रंग के कुर्ते में नजर आए शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री के साथ जनता का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री के मंच पर पहुंचते ही भाजपा और एनडीए नेताओं की लंबी कतार दिखाई दी।
प्रधानमंत्री ने 98 वर्षीय कार्यकर्ता के पैर छुए

समारोह के दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल भाजपा के सबसे पुराने 98 वर्षीय कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को गले लगाया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दृश्य ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मंच पर मौजूद नेताओं का अभिवादन करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के पास पहुंचे और झुककर उनके पैर छुए। प्रधानमंत्री ने उनकी पीठ थपथपाई और कान में कुछ कहा। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह ने भी शुभेंदु अधिकारी की पीठ थपथपाकर उन्हें बधाई दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभेंदु अधिकारी को भगवा अंगवस्त्र भेंट किया।
पांच मंत्रियों ने भी ली शपथ
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ भाजपा के पांच अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदीराम टुड्डू और नीशीथ प्रमाणिक शामिल हैं।
शुभेंदु अधिकारी की पहली प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “यह दिन देश और पश्चिम बंगाल दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री की इच्छा थी कि नई सरकार का गठन रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर हो। गुरु रवींद्रनाथ को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद हम नए कार्यकाल की शुरुआत करेंगे।”
उन्होंने कहा कि जोड़ासांको जाकर टैगोर को नमन करने के बाद वह अपने काम की औपचारिक शुरुआत करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया ऐतिहासिक दिन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि 9 मई 2026 का दिन इतिहास में एक महत्वपूर्ण तारीख के रूप में दर्ज रहेगा। उन्होंने कहा कि यह दिन आशा, गरिमा और सुशासन के नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने लिखा, “कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने का सौभाग्य मुझे और कई अन्य लोगों को प्राप्त हुआ।”
समारोह में शामिल रहे कई बड़े नेता
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे।
इसके अलावा चिराग पासवान, जयंत चौधरी, अनुप्रिया पटेल, रामदास अठावले, मिथुन चक्रवर्ती और स्मृति ईरानी सहित भाजपा और सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेता भी समारोह में शामिल हुए।
भाजपा की ऐतिहासिक जीत
हालिया विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया। वहीं ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस 81 सीटों तक सिमट गई। भवानीपुर सीट पर शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराकर बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव दर्ज कराया।
