चंडीगढ़। पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले सुबह से ही चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर ईडी की टीम छापेमारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि करीब 20 गाड़ियों में पहुंची ईडी टीम ने सेक्टर-2 स्थित आवास पर कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। पिछले एक महीने में अरोड़ा के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
इससे पहले ईडी ने लुधियाना समेत उनके अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। हालिया कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में बड़ा सियासी घमासान शुरू हो गया है।
भगवंत मान का भाजपा पर हमला

ईडी की कार्रवाई पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि पिछले एक साल में तीसरी बार और एक महीने में दूसरी बार ईडी संजीव अरोड़ा के घर पहुंची है, लेकिन एजेंसी को अब तक कुछ नहीं मिला।
मान ने कहा, “पंजाब गुरुओं की धरती है। औरंगजेब भी इसे झुका नहीं पाया था। यह भगत सिंह की धरती है, जिसने अंग्रेजों के सामने सिर नहीं झुकाया। पंजाब मोदी सरकार की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा।”
संगरूर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव नजदीक आते ही ईडी रेड, मानहानि नोटिस और अन्य एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए करती है। उन्होंने कहा कि पंजाब का भाईचारा बहुत मजबूत है और नफरत की राजनीति यहां सफल नहीं होगी।
केजरीवाल ने बताया राजनीतिक दबाव
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल चुनाव खत्म होते ही केंद्र सरकार ने पंजाब में लगातार ईडी की रेड शुरू कर दी है।

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा का मकसद भ्रष्टाचार खत्म करना नहीं, बल्कि विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाना है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में उद्योगपति अशोक मित्तल के यहां छापेमारी के बाद उन्हें भाजपा में शामिल कराया गया।
उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले संजीव अरोड़ा के यहां भी रेड हुई थी। जब वे भाजपा में शामिल नहीं हुए तो दोबारा कार्रवाई कर दी गई।”
केजरीवाल ने केंद्र सरकार की तुलना औरंगजेब के शासन से करते हुए कहा कि पंजाब अत्याचार के खिलाफ हमेशा खड़ा रहा है और आगे भी झुकेगा नहीं।
दो दिन पहले मोहाली में भी हुई थी कार्रवाई
ईडी ने दो दिन पहले मोहाली और चंडीगढ़ में करीब 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। मोहाली के छज्जू माजरा स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में आईटी कारोबारी नितिन के फ्लैट पर भी रेड हुई थी। विपक्ष ने दावा किया कि कारोबारी मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े लोगों के करीबी हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तब भी कहा था कि इन कार्रवाइयों से उनकी सरकार का कोई लेना-देना नहीं है और केंद्र सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
राजनीतिक माहौल गरमाया
संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब की राजनीति में तनाव बढ़ गया है। आम आदमी पार्टी ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया है, जबकि भाजपा की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा पंजाब की राजनीति में और गर्मा सकता है।
