यूपी में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और राज्य में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। यह जानकारी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा संयुक्त रूप से जारी बयान में दी गई।

बयान के अनुसार, मजबूत बुनियादी ढांचे, सतत निगरानी और प्रभावी समन्वय तंत्र के जरिए प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। राज्य में वर्तमान में 13,168 रिटेल आउटलेट (सरकारी कंपनियों के 12,331 और निजी 863) तथा 28 सप्लाई लोकेशन संचालित हैं। इनसे प्रतिदिन लगभग 20 टीकेएल पेट्रोल और 33 टीकेएल डीजल की आपूर्ति हो रही है। सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से कार्यरत हैं और कहीं भी बिक्री पर कोई प्रतिबंध नहीं है।

एलपीजी आपूर्ति की स्थिति भी संतुलित बताई गई है। प्रदेश में 4,143 डिस्ट्रीब्यूटर और 36 बॉटलिंग प्लांट के माध्यम से करीब 4.88 करोड़ उपभोक्ताओं को सेवा दी जा रही है। डिस्ट्रीब्यूटर के पास औसतन 1.3 दिन का स्टॉक उपलब्ध है और प्रतिदिन लगभग 8 लाख सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई जारी है। अब तक 33,117 निरीक्षण किए गए, 1,271 सिलेंडर जब्त किए गए, 268 एफआईआर दर्ज हुईं और 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *