सुमित-विवेक बने इंटर कॉर्पोरेट टेनपिन बॉलिंग प्रतियोगिता 2026 के विजेता

लखनऊ, 4 जून 2026। लुलु मॉल स्थित बॉलिंग एरिना में आयोजित इंटर कॉर्पोरेट टेनपिन बॉलिंग प्रतियोगिता 2026 का खिताब सुमित और विवेक की जोड़ी ने अपने नाम कर लिया। रोमांच से भरपूर फाइनल मुकाबले में उन्होंने प्रियांशु और राजुल की जोड़ी को पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

यह प्रतियोगिता जेके सीमेंट लिमिटेड के प्रायोजन में तथा एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश टेनपिन बॉलिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। प्रतियोगिता ने उद्योग जगत, उद्यमियों, पेशेवरों और खेल प्रेमियों को एक साझा मंच प्रदान किया।

बुधवार को आयोजित अंतिम चरण के मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। खिताबी मुकाबले में सुमित और विवेक ने 366 अंकों का संयुक्त स्कोर बनाकर प्रियांशु और राजुल को 330 अंकों पर रोक दिया। इससे पहले दूसरे एलिमिनेटर मुकाबले में प्रियांशु और राजुल ने सौरभ और इन्द्रजीत को 324-264 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

प्रतियोगिता में सुमित और विवेक प्रथम स्थान पर रहे, जबकि प्रियांशु और राजुल उपविजेता बने। सौरभ और इन्द्रजीत ने तीसरा स्थान हासिल किया। देर रात आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

उत्तर प्रदेश टेनपिन बॉलिंग संघ के सचिव दिलीप सिंह ने कहा कि टेनपिन बॉलिंग आज केवल एक खेल नहीं, बल्कि कॉर्पोरेट जगत में सहभागिता, संवाद और टीम भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी सहयोगी संस्थाओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

एसोचैम उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के उपाध्यक्ष सुधांशु श्रीवास्तव ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य शारीरिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और टीम भावना के महत्व को बढ़ावा देना था। उन्होंने कहा कि खेल और स्वास्थ्य दोनों किसी भी संस्थान की सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।

कार्यक्रम के दौरान “कॉर्पोरेट स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन” विषय पर विशेष व्याख्यान भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रसिद्ध स्वास्थ्य विशेषज्ञ अनिल सिन्हा ने कर्मचारियों के स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन को आधुनिक संस्थानों की प्रमुख आवश्यकता बताया।

इसके अतिरिक्त “भारत में खेलों का भविष्य : कॉर्पोरेट सहभागिता की भूमिका” विषय पर विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया। इसमें खेल, शिक्षा और उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा करते हुए खेलों के विकास में निजी क्षेत्र की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि कॉर्पोरेट जगत में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सहयोग और सकारात्मक कार्य संस्कृति को भी प्रोत्साहित करते हैं। उत्तर प्रदेश टेनपिन बॉलिंग संघ राज्य में इस खेल के प्रचार-प्रसार और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *