लखनऊ में छात्रों का प्रदर्शन, अभिजीत दीपके बोले- पेपर लीक के दोषियों को पद छोड़ना होगा

लखनऊ, 12 जून 2026 (यूएनएस)। राजधानी के ईको गार्डन में शुक्रवार को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों और छात्रों ने कथित पेपर लीक तथा भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी शामिल हुए। उन्होंने आंदोलन को लोकतांत्रिक अधिकार बताते हुए कहा कि परीक्षा घोटालों और पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह बनाना होगा।

अभिजीत दीपके ने अपने संबोधन में कहा कि देश का इतिहास जनआंदोलनों से जुड़ा रहा है और लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाना नागरिकों का अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में अनियमितताएं हुई हैं तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों को पद छोड़ना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र और अभ्यर्थी हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को पूरा करने तथा विभिन्न परीक्षाओं से जुड़े परिणाम और स्कोर कार्ड जारी करने की मांग उठाई। ईको गार्डन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस, पीएसी और त्वरित कार्रवाई बल के जवान तैनात रहे।

हालांकि प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं है और वे केवल परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं।

अभिजीत दीपके ने कहा कि उनका संगठन शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अपनी बात रख रहा है। उन्होंने अभ्यर्थियों से आगामी 20 जून को नई दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था के लिए आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *