फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह पर एसटीएफ का शिकंजा, दो और आरोपी गिरफ्तार

सितारगंज, 14 जून (राजेन्द्र तिवारी, RNN संवाददाता )। फर्जी शस्त्र लाइसेंस प्रकरण में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और 31 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसटीएफ के अनुसार अब तक की कार्रवाई में 14 अवैध हथियार, 341 कारतूस तथा कई फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।

अब तक 9 गिरफ्तार, 14 अवैध हथियार और 341 कारतूस बरामद

राज्य में बाहरी प्रदेशों से स्थानांतरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की वैधता और सत्यता की व्यापक जांच के दौरान इस संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ। एसटीएफ ने इस संबंध में 4 जून को कोतवाली काशीपुर में मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के क्रम में शुक्रवार देर रात सितारगंज और रुद्रपुर क्षेत्र में दबिश देकर दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में करनजीत सिंह पुत्र नाजर सिंह, निवासी भुड़िया कॉलोनी, थाना बहेड़ी, जनपद बरेली (वर्तमान में सितारगंज स्थित ‘सरदार जी’ रेस्टोरेंट का संचालक) तथा विक्रमजीत सिंह तूर पुत्र अजयपाल सिंह, निवासी निकट मंडी, सितारगंज शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से एक .30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और 31 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

फर्जी लाइसेंस गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि वर्ष 2026 की शुरुआत से ही फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों तथा कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अवैध लाइसेंस तैयार करने वाले गिरोहों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले लगभग एक माह से एसटीएफ की विभिन्न टीमें इस नेटवर्क की परत-दर-परत जांच में जुटी हुई थीं।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान एकत्र किए गए साक्ष्यों और रिपोर्ट के आधार पर काशीपुर कोतवाली में अभियोग दर्ज कराया गया। इसके बाद एसटीएफ लगातार कार्रवाई करते हुए इस संगठित गिरोह की जड़ों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

अजय सिंह के अनुसार राज्य के विभिन्न जनपदों में इस मामले से जुड़े तीन अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं। अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 14 अवैध शस्त्र, 341 कारतूस और बड़ी संख्या में संदिग्ध एवं फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं। जांच के दायरे में कई अन्य संदिग्ध भी हैं, जिनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

कार्रवाई में शामिल टीम

इस अभियान में निरीक्षक अरुण कुमार एवं एम.पी. सिंह, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी और प्रकाश भगत, एएसआई सत्येंद्र गंगोला, मनोज बवाड़ी, रवि बोरा, गोविंद बिष्ट, गुरवंत सिंह, सुरेंद्र कनवाल, मोहित वर्मा तथा संजय कुमार शामिल रहे।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *