लखनऊ, 28 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था, स्मार्ट मीटर और महंगाई को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्मार्ट मीटर को “चीटर मीटर” बताते हुए 3 मई से पूरे उत्तर प्रदेश में बड़े आंदोलन का ऐलान किया।
लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में संजय सिंह ने आरोप लगाया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं। उन्होंने दावा किया कि जिन घरों में पहले 1500 रुपये तक बिल आता था, अब वहां 6000 से 7000 रुपये तक बिल पहुंच रहा है, जो सीधे तौर पर जनता पर आर्थिक बोझ है।
उन्होंने कहा कि 3 मई से पार्टी कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, थाली-ताली बजाकर विरोध और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
“ऑपरेशन लोटस” के मुद्दे पर भी उन्होंने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को दबाने और तोड़ने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा “वॉशिंग मशीन” की तरह काम कर रही है, जिसमें जाने पर नेताओं के सभी आरोप धुल जाते हैं।
उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि “जिस दिन मैं भाजपा में जाऊं, जनता मेरा मुंह काला कर दे।”
प्रदेश की बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गांवों से लेकर शहरों तक लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार स्थिति संभालने में विफल है।
इसके साथ ही उन्होंने अपनी ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय यात्रा’ का भी जिक्र किया। बताया कि यात्रा के चार चरण पूरे हो चुके हैं और पांचवां चरण 16 मई से मेरठ से शुरू होकर 20 मई को गाजियाबाद में समाप्त होगा।
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए संजय सिंह ने ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस की जीत का दावा किया और उन्हें “बंगाल की शेरनी” बताया।
शिक्षा और न्यायपालिका से जुड़े मुद्दों पर भी उन्होंने सरकार को घेरा और निष्पक्षता बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया। कुल मिलाकर, प्रेस वार्ता के दौरान संजय सिंह ने राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों पर कई मोर्चों पर हमला बोला और आगामी आंदोलन के जरिए जनता के मुद्दे उठाने की बात कही।
