रामगढ़ताल अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए पूरी तरह तैयार : कमलेश पासवान

गोरखपुर, 18 मई 2026। मेजबान उत्तर प्रदेश और पिछले संस्करण की विजेता आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी सहित 20 राज्यों की टीमें 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में दांव पर लगे 10 स्वर्ण समेत कुल 30 पदकों के लिए दमखम दिखाएंगी।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सहयोग से रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएफआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन द्वारा उत्तर प्रदेश खेल विभाग के प्रशासनिक व बुनियादी सहयोग से रामगढ़ताल पर इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है।

46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप का भव्य आगाज़,  शुरू होंगे मुकाबले

सोमवार को केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। उन्होंने टीमों को हरी झंडी दिखाकर चैंपियनशिप का विधिवत शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि कमलेश पासवान ने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई और रामगढ़ताल की प्राकृतिक सुंदरता व खेल सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन का परिणाम है कि गोरखपुर आज स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए पूरी तरह सक्षम है।

उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता कर रहे आरएफआई अध्यक्ष बालाजी मरपाड़ा ने कहा कि रामगढ़ताल अब रोइंग के ग्लोबल मैप पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार है। यहां की जल गुणवत्ता और इंफ्रास्ट्रक्चर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है।

इससे पहले उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं भाजपा विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में आरएफआई की फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन नवाबुद्दीन की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव एवं रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष सुधीर शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में 20 राज्यों से कुल 273 खिलाड़ी और पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 136 बालक, 109 बालिका खिलाड़ी और 28 टीम ऑफिशियल शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि 19 मई से सुबह 7:30 बजे विभिन्न स्पर्धाओं की हीट्स शुरू होंगी। खिलाड़ियों ने सोमवार सुबह ताल में उतरकर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

आयोजन सचिव राजेश यादव ने जानकारी दी कि मध्य प्रदेश की 29 सदस्यीय टीम प्रतियोगिता की सबसे बड़ी टीम है, जबकि हरियाणा और केरल से 28-28 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछली जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी ओवरऑल विजेता और मध्य प्रदेश उपविजेता रहा था।

समारोह में क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर, उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य अजय भदौरिया व जागृति गुप्ता, गोरखपुर रोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विशाल जायसवाल और सचिव राणा राहुल सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

प्रतिभागी टीमें: अंडमान-निकोबार, आसाम, आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी, चंडीगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल।

स्पर्धाएं (बालक व बालिका वर्ग): सिंगल स्कल, डबल स्कल, कॉक्सलेस पेयर्स, कॉक्सलेस फोर्स और क्वाड्रुपल स्कल।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *