46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के लिए रामगढ़ताल तैयार, 19 मई से शुरू होंगे मुकाबले

लखनऊ, 17 मई 2026। अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग की सफल मेजबानी के बाद अब गोरखपुर का रामगढ़ताल 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप-2026 के लिए पूरी तरह तैयार है। 17 से 21 मई तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में मेजबान उत्तर प्रदेश, पिछली विजेता आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी समेत 20 राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में कुल 273 खिलाड़ी और पदाधिकारी भागीदारी कर रहे हैं।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सहयोग से रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन द्वारा इस चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को उत्तर प्रदेश खेल विभाग का बुनियादी और प्रशासनिक सहयोग प्राप्त है।

रविवार को रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बालाजी मरपाड़ा और फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन नवाबुद्दीन ने प्रतियोगिता की तैयारियों का निरीक्षण किया और ‘कोर्स ओपनिंग’ की शुरुआत कराई। उनकी मौजूदगी में देशभर से आए खिलाड़ियों ने रामगढ़ताल में अभ्यास कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

अस्मिता लीग की सफल मेजबानी के बाद गोरखपुर में जुटे देशभर के जूनियर रोवर्स, 20 राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा

रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव शुभाशीष मुखर्जी ने बताया कि चीफ ज्यूरी तेजस शिंदे की अगुवाई में 2000 मीटर लंबी रोइंग कोर्स लेन और जेट्टी तैयार की गई है। प्रतियोगिता के लिए चार लेन बनाई गई हैं, जिनकी चौड़ाई 12.5 मीटर रखी गई है।

उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन की अध्यक्ष रानी पक्षालिका सिंह ने बताया कि जूनियर बालक और बालिका वर्ग में पांच-पांच स्पर्धाएं आयोजित होंगी। खिलाड़ी सिंगल स्कल, डबल स्कल, कॉक्सलेस पेयर्स, कॉक्सलेस फोर्स और क्वाड्रुपल स्कल स्पर्धाओं में प्रतिभा दिखाएंगे।

एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा ने बताया कि रविवार को खिलाड़ियों ने दोपहर सत्र में अभ्यास किया, जबकि सोमवार 18 मई को सुबह भी अभ्यास सत्र आयोजित होगा। इसी दिन उद्घाटन समारोह के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।

आयोजन सचिव राजेश यादव के अनुसार उद्घाटन के बाद ज्यूरी और टीम मैनेजरों की बैठक होगी तथा प्रतियोगिता के ड्रा तय किए जाएंगे। 19 मई को विभिन्न वर्गों में हीट्स मुकाबले होंगे, 20 मई को सेमीफाइनल, रेपचेज और रिजर्व रेस आयोजित होंगी, जबकि फाइनल मुकाबले 21 मई को खेले जाएंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *