राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण: एसआईटी को मिला अतिरिक्त समय, 15 जुलाई तक आएगी अंतिम रिपोर्ट

लखनऊ, 1 जुलाई 2026 (यूएनएस)। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और गड़बड़ी के मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) को शासन ने अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए अतिरिक्त समय दे दिया है। अब एसआईटी अपनी अंतिम रिपोर्ट 15 जुलाई तक सरकार को सौंपेगी। पहले यह रिपोर्ट 30 जून तक प्रस्तुत की जानी थी। इसके साथ ही जांच का दायरा भी विस्तृत कर दिया गया है।

एसआईटी प्रमुख एवं लखनऊ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत ने टीम के सदस्य किरण एस. और वित्त विभाग के विशेष सचिव नीलरत्न कुमार के साथ अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद को सौंप दी है। प्रारंभिक रिपोर्ट में मामले की गहन जांच के लिए अतिरिक्त समय और संसाधनों की आवश्यकता जताई गई थी, जिसे शासन ने स्वीकार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक रिपोर्ट में मंदिर की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था और चढ़ावा प्रबंधन प्रणाली से जुड़े कई पहलुओं पर सवाल उठाए गए हैं। एसआईटी ने अब तक घटनास्थल का निरीक्षण, 150 से अधिक लोगों से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज की जांच तथा चढ़ावा प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया का अध्ययन किया है। रिपोर्ट में विभिन्न संबंधित पक्षों की भूमिका का उल्लेख किया गया है, लेकिन अभी किसी व्यक्ति की जिम्मेदारी तय नहीं की गई है।

अधिकारियों का कहना है कि अंतिम रिपोर्ट में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं की जवाबदेही स्पष्ट की जा सकती है। जांच का दायरा बढ़ाए जाने के बाद अब मंदिर ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों, सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों, चढ़ावा प्रबंधन में शामिल कर्मचारियों तथा बैंकिंग प्रणाली से जुड़े संबंधित पक्षों की भूमिका की भी विस्तार से जांच की जाएगी।

गौरतलब है कि राम मंदिर में दानपात्र से प्राप्त चढ़ावे की गिनती के दौरान कथित रूप से धनराशि में गड़बड़ी सामने आने के बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था। अब 15 जुलाई को प्रस्तुत होने वाली अंतिम रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं, क्योंकि उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *