20 मई को अमेठी आएंगे राहुल गांधी, कार्यकर्ता सम्मेलन में भरेंगे चुनावी जोश

अमेठी, 17 मई 2026 (यूएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद Rahul Gandhi 20 मई को अपने पुराने संसदीय क्षेत्र अमेठी के एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह गौरीगंज में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

भीषण गर्मी के बीच अमेठी का सियासी तापमान भी बढ़ गया है। जिला मुख्यालय गौरीगंज में सम्मेलन स्थल के चयन की प्रक्रिया चल रही है। नवोदय स्कूल के सामने स्थित मैदान और बाईपास के पास स्थित एक अन्य मैदान को संभावित स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के लिए दिल्ली से आई टीम दोनों स्थानों का जायजा ले रही है, जिसके बाद अंतिम स्थल तय किया जाएगा।

गौरीगंज में होगा बड़ा सम्मेलन, 2019 के बाद चौथे दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह

कार्यकर्ता सम्मेलन में ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। लंबे समय बाद आयोजित हो रहे इस बड़े सम्मेलन को लेकर पार्टी पदाधिकारी सक्रिय हो गए हैं और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की जा रही है।

यह 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट से हार के बाद राहुल गांधी का चौथा अमेठी दौरा होगा। इससे पहले वह तीन बार क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं। माना जा रहा है कि इस सम्मेलन के जरिए राहुल गांधी आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को नई रणनीतिक दिशा दे सकते हैं।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह ने राहुल गांधी के दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। राहुल गांधी के दौरे को लेकर अमेठी में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *