यूपी में 24,717 अनुदेशकों का मानदेय बढ़ा, 9 हजार से सीधे 17 हजार रुपये किया गया

लखनऊ, 17 मई 2026 (यूएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 24,717 अंशकालिक अनुदेशकों का मासिक मानदेय 9,000 रुपये से बढ़ाकर 17,000 रुपये करने की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 14 अनुदेशकों को प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वितरित किए प्रतीकात्मक चेक, विद्यार्थियों के लिए ‘होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड’ भी लॉन्च

कार्यक्रम में बाल वाटिका से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड’ का भी विमोचन किया गया। इस रिपोर्ट कार्ड में विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ-साथ उनके शारीरिक, सामाजिक, भावनात्मक, संज्ञानात्मक और व्यक्तित्व विकास का समग्र मूल्यांकन किया जाएगा।

बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि मानदेय वृद्धि हजारों शिक्षा योद्धाओं के समर्पण और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का सम्मान है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 9,645 स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा अनुदेशक तथा 6,192 कार्यानुभव शिक्षा अनुदेशक कार्यरत हैं।

संदीप सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार से शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित हैं और अब तक 1,64,882 बच्चों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डीबीटी प्रणाली लागू की गई है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाएं सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जा रही हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *