जादवपुर में पीएम मोदी का वादा— ‘आपका तप बेकार नहीं जाएगा’, टीएमसी पर बोला तीखा हमला

जादवपुर, 24 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। पश्चिम बंगाल के जादवपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य में बदलाव का दावा करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में जनसमर्थन का विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह और मतदान का रुझान इस बार बड़े परिवर्तन का संकेत दे रहा है।

प्रधानमंत्री ने सभा में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “मैं विश्वास दिलाता हूं कि जो लोग धूप में तप कर यहां पहुंचे हैं, उनका तप मैं बेकार नहीं जाने दूंगा। इस क्षेत्र का विकास कर मैं आपके इस तप को ब्याज समेत लौटाऊंगा।”

पहले चरण के मतदान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद ऐसा उत्साह पहले कभी नहीं देखा गया। उनके अनुसार, छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े व्यापारियों, टैक्सी चालकों, रिक्शा चालकों और आम नागरिकों तक हर वर्ग भाजपा के समर्थन में खड़ा दिखाई दे रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा है। उन्होंने भर्ती घोटाला, चिटफंड, कोयला और बालू खनन जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता अब “कटमनी और कमीशन” की राजनीति से छुटकारा चाहती है।

महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री ने टीएमसी को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के पक्ष में है, जबकि संसद में महिला आरक्षण का विरोध कर टीएमसी ने अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है।

जादवपुर यूनिवर्सिटी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह संस्थान कभी देशभर में अपनी प्रतिष्ठा के लिए जाना जाता था, लेकिन अब वहां का माहौल चिंताजनक हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसर में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है और छात्र पढ़ाई के बजाय विरोध प्रदर्शनों में उलझ रहे हैं।

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से भाजपा के चुनाव चिन्ह ‘कमल’ पर वोट देने की अपील करते हुए कहा कि यह वोट विकास, सुरक्षा और नए अवसरों का मार्ग खोलेगा। उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव बंगाल को फिर से देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने का अवसर है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *