‘मन की बात’ में पीएम मोदी का आह्वान—जनगणना 2027 में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी

नई दिल्ली, 26 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में देशवासियों से जनगणना 2027 में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “देश की जनगणना सिर्फ सरकार का काम नहीं है। यह हम सबकी जिम्मेदारी है और इसमें आपकी भागीदारी बहुत जरूरी है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखी जाएगी, साथ ही इसे डिजिटल सुरक्षा के माध्यम से संरक्षित किया जाएगा।

डिजिटल और आसान होगी प्रक्रिया
मोदी ने बताया कि इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है। घर-घर जाने वाले गणना कर्मचारियों के पास मोबाइल ऐप होगा, जिसमें वे सीधे जानकारी दर्ज करेंगे।

उन्होंने कहा कि नागरिकों के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी दी गई है। कर्मचारी के आने से 15 दिन पहले लोग स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक विशेष आईडी जारी होगी, जिसे मोबाइल या ईमेल पर प्राप्त किया जा सकेगा।

समय की बचत और पारदर्शिता
प्रधानमंत्री ने बताया कि जब गणना कर्मचारी घर पहुंचेगा, तब नागरिक उस आईडी के जरिए अपनी जानकारी की पुष्टि कर सकेंगे, जिससे दोबारा विवरण देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया अधिक सरल बनेगी।

तेजी से आगे बढ़ रहा अभियान
उन्होंने जानकारी दी कि जिन राज्यों में स्व-गणना पूरी हो चुकी है, वहां घरों के सूचीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। अब तक करीब 1 करोड़ 20 लाख परिवारों का मकान सूचीकरण किया जा चुका है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना है और हर भारतीय को इसके महत्व को समझना चाहिए। उन्होंने अंत में देशवासियों से अपील करते हुए कहा, “आइए, हम सब मिलकर इस प्रक्रिया में भाग लें और जनगणना 2027 को सफल बनाएं।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *