डीएम के निर्देश पर कलान व तिलहर में लगेंगे पेंशन शिविर, योजनाओं की समीक्षा में दिए सख्त निर्देश

शाहजहांपुर, 08 अप्रैल। जनपद में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज कल्याण, महिला कल्याण, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए बताया कि 15 अप्रैल को विकासखंड कलान तथा 22 अप्रैल को विकासखंड तिलहर में विशेष पेंशन शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांगजन पेंशन से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। साथ ही नए पात्र लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृति और दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

महिला कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए डीएम ने पीड़ित महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता के लंबित मामलों की जांच कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और समय पर विवाह संपन्न कराने को कहा।

छात्रावासों की व्यवस्था पर भी जिलाधिकारी ने विशेष ध्यान देते हुए विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, अभ्युदय कोचिंग योजना के अंतर्गत शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए घंटों का नियमित विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया।

पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान छात्रवृत्ति, ट्रिपल सी एवं ओ-लेवल कोर्स से संबंधित व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और चयनित कोचिंग सेंटरों की समय-समय पर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही महिला कल्याण योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को प्रचारित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, जिला विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *