योगी का ऐलान: नकल माफिया को मिट्टी में मिला देंगे, इनके लिए सिर्फ जेल या जहन्नुम

फतेहपुर में 487 करोड़ और जालौन में 1,273.96 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, पेपर लीक पर सख्त कानून और माफिया पर कार्रवाई का दोहराया संकल्प

फतेहपुर, 25 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फतेहपुर में आयोजित जनसभा में नकल माफिया और अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पेपर लीक और नकल माफिया पर लगाम लगाने के लिए सख्त कानून ला रही है, जिसमें दोषियों को 10 साल तक की सजा और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “नकल माफिया को मिट्टी में मिला देंगे। उन्हें कोई नहीं बचा सकता। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए उत्तर प्रदेश में सिर्फ दो ही जगह हैं—जेल या जहन्नुम।” उन्होंने कहा कि अपराधियों और माफिया की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

NEET पेपर लीक का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नीट परीक्षा में पेपर लीक की घटना सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े कई अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए सरकार ने समयबद्ध तरीके से परीक्षा और परिणाम सुनिश्चित किए।

सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों में नकल माफिया को संरक्षण मिलता था और सरकारी भर्तियां विवादों में रहती थीं। उन्होंने कहा कि 2012 से 2017 के बीच निकली अधिकांश भर्तियों में भ्रष्टाचार हावी था, जबकि उनकी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दी हैं।

फतेहपुर के विकास का किया उल्लेख

योगी ने कहा कि 2017 से पहले फतेहपुर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के मामले में पिछड़ा जिला था, लेकिन अब यह विकास की मुख्यधारा में शामिल हो चुका है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, बेहतर सड़क नेटवर्क, औद्योगिक विकास, ओडीओपी योजना और प्राकृतिक खेती जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि लखनऊ में भाजपा कार्यालय की जमीन पर कब्जा करने वाले सपा के पूर्व विधायक के खिलाफ भी बुलडोजर कार्रवाई की गई है और सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

487 करोड़ और 1,273 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने फतेहपुर में करीब 487 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद जालौन में 1,273.96 करोड़ रुपये की 324 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीबों, किसानों और युवाओं के लिए काम कर रही है। मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान दुर्घटना बीमा और किसानों के बिजली बिल जैसी योजनाओं का लाभ प्रदेश के करोड़ों लोगों तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब कानून व्यवस्था, पारदर्शी भर्ती और तेज विकास के नए मॉडल के रूप में आगे बढ़ रहा है तथा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *