सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने मोदी, राष्ट्रपति मुर्मू ने पत्र लिखकर दी बधाई

नई दिल्ली, 10 जून 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है। राष्ट्रपति ने कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने राष्ट्रीय जीवन के लगभग सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय परिवर्तन और प्रगति देखी है।

प्रधानमंत्री को लिखे एक पत्र में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि गरीबों के कल्याण, सभी के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, किसानों के सशक्तीकरण तथा मध्यम एवं नव-मध्यम वर्ग के हितों की रक्षा के लिए किए गए प्रयासों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

राष्ट्रपति ने लिखा, “आपकी सर्वसमावेशी दृष्टि और कार्यों ने समाज के वंचित वर्गों के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अंत्योदय अर्थात कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति के उत्थान के प्रति आपकी प्रतिबद्धता ने मुझे गहराई से प्रभावित किया है। यह केवल नीतिगत हस्तक्षेप नहीं, बल्कि देश के सबसे कमजोर और वंचित नागरिकों के प्रति गहरी संवेदनशीलता का परिचायक है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया, जो लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से बाहर रहे थे। विशेष रूप से पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में विकास को गति देने के लिए किए गए प्रयास जन-केंद्रित और जन-भागीदारी आधारित सुशासन का उदाहरण हैं।

राष्ट्रपति ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री की राजनीतिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने तक की उनकी यात्रा भारतीय लोकतंत्र की प्रेरणादायक विशेषताओं को दर्शाती है। यह साबित करती है कि लोकतंत्र में सेवा, समर्पण और कड़ी मेहनत के बल पर कोई भी व्यक्ति सर्वोच्च नेतृत्व तक पहुंच सकता है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने लिखा, “आपने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ देश का नेतृत्व किया है तथा परंपरा और विकास के बीच एक प्रभावी संतुलन स्थापित किया है। आज भारत वैश्विक मंच पर अपना महत्वपूर्ण और सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर चुका है।”

उन्होंने आगे कहा कि इतिहास भले ही किसी व्यक्ति के पद पर बिताए गए वर्षों को दर्ज करता है, लेकिन जनता उन वर्षों को इस आधार पर याद रखती है कि उन्होंने लोगों के जीवन को किस प्रकार प्रभावित किया, उनके अवसरों का विस्तार किया और भविष्य के प्रति उनके विश्वास को कितना मजबूत किया।

उल्लेखनीय है कि नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। लगातार सत्ता में रहते हुए उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के निर्वाचित कार्यकाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *