यूपी-उत्तराखंड में नकली दवा रैकेट का भंडाफोड़, मेरठ-बागपत-रुद्रपुर में छापेमारी; 6 लाख कैप्सूल और मशीनरी बरामद

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) उत्तर प्रदेश ने मेरठ, बागपत और उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में संयुक्त कार्रवाई कर अंतरराज्यीय नकली दवा निर्माण रैकेट का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में 6 लाख विटामिन-ई कैप्सूल, ब्लिस्टर पैकिंग मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है।

लखनऊ, 26 जुलाई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित अवैध एवं नकली (स्पूरियस/काउंटरफीट) दवा निर्माण रैकेट का बड़ा खुलासा किया है। मेरठ, बागपत और उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में की गई संयुक्त छापेमारी में 6 लाख विटामिन-ई सॉफ्टजेल कैप्सूल, ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, कंप्रेसर मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।

विभाग के अनुसार, 24 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त (औषधि) मेरठ मंडल के नेतृत्व में औषधि निरीक्षकों एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मेरठ के थाना इंचोली क्षेत्र स्थित ग्राम खरदौनी शेखपुर में छापेमारी की। मौके से दवाओं की पैकेजिंग में प्रयुक्त मशीनरी और अन्य उपकरण बरामद हुए।

यूपी-उत्तराखंड में नकली दवा रैकेट का भंडाफोड़, मेरठ-बागपत-रुद्रपुर में छापेमारी; 6 लाख कैप्सूल और मशीनरी बरामद

जांच में सामने आया कि मैसर्स आर.एस. ग्लोबल फार्मा, रुद्रपुर (उत्तराखंड) तथा विकास चौहान और उसके सहयोगी राजेंद्र सिंह उर्फ अरुण कुंडा की कथित मिलीभगत से विटामिन-ई 10 एमजी सॉफ्टजेल कैप्सूल को प्रसिद्ध ब्रांड ‘Evion 400 mg Soft Gel Capsule’ के लेबल में पैक कर बाजार में औषधि के रूप में बेचा जा रहा था।

मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए 25 जुलाई को औषधि निरीक्षक दल ने रुद्रपुर स्थित आर.एस. ग्लोबल फार्मा का निरीक्षण किया। इसके बाद बागपत के खेकड़ा क्षेत्र स्थित मैसर्स प्रेस्कॉट फार्मा जेल प्राइवेट लिमिटेड में भी संयुक्त छापेमारी की गई।

जांच में पाया गया कि उक्त कंपनी के पास केवल फूड हेल्थ सप्लीमेंट्स एवं न्यूट्रास्यूटिकल्स के निर्माण का एफएसएसएआई लाइसेंस था, जिसके तहत वह केवल न्यूट्रिशनल उपयोग के लिए विटामिन-ई 10 एमजी कैप्सूल बना सकती थी। आरोप है कि कंपनी ने नियमों का उल्लंघन करते हुए लगभग 6 लाख बिना पैकिंग वाले विटामिन-ई 10 एमजी सॉफ्टजेल कैप्सूल आर.एस. ग्लोबल फार्मा को बेच दिए।

एफएसडीए के अनुसार, इन न्यूट्रिशनल कैप्सूलों को अवैध रूप से प्रोसेस और पैक कर ‘Evion 400 mg’ के नाम से दवा के रूप में बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। विभाग का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया में एफएसएसएआई लाइसेंस का दुरुपयोग कर नकली दवा निर्माण और बिक्री का अंतरराज्यीय नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।

मामले में थाना इंचोली, मेरठ में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। जिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें विकास चौहान, राजेंद्र सिंह उर्फ अरुण कुंडा, रोहित कुमार (प्रोपराइटर, आर.एस. ग्लोबल फार्मा, रुद्रपुर) तथा अमृत पटेल (निदेशक एवं उत्तरदायी व्यक्ति, प्रेस्कॉट फार्मा जेल प्रा. लि., बागपत) शामिल हैं।

एफएसडीए ने कहा कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नकली एवं अवैध दवा कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *