लखनऊ, 26 जुलाई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में बिजनौर जिले की महिलाओं द्वारा तैयार ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी’ का उल्लेख किया जाना प्रदेश की लाखों स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए सम्मान, गर्व और नई प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और महिला सशक्तिकरण का अभियान लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और बिजनौर की यह पहल उसी परिवर्तनकारी सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि बिजनौर के विकासखंड कोतवाली के ग्राम लखीवाला की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी’ स्थानीय संसाधनों, नवाचार और महिला उद्यमिता का सफल मॉडल बनकर उभरी है। लेमनग्रास, गिलोय, मुलेठी, तुलसी, कच्ची हल्दी, दालचीनी, इलायची और सौंफ जैसी प्राकृतिक सामग्री से तैयार यह हर्बल टी लगभग ₹1 लाख की छोटी शुरुआत से आज देश के प्रतिष्ठित संस्थानों तक अपनी पहचान बना चुकी है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी संभावनाएं मजबूत कर रही है।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए स्वयं सहायता समूह से जुड़ी सभी महिलाओं और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ में इस पहल का उल्लेख ग्रामीण महिलाओं के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देगा तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के अभियान को और गति मिलेगी।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी महिलाओं की मेहनत, गुणवत्ता और नवाचार ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण भारत की महिलाएं आज न केवल रोजगार सृजित कर रही हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में दिसंबर 2023 में जिला प्रशासन, बिजनौर द्वारा स्थापित ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी’ आज एक सफल सामुदायिक ब्रांड के रूप में स्थापित हो चुका है। वर्तमान में इस ब्रांड के तहत 160 से अधिक उत्पादों का निर्माण और विपणन स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है। ब्रांड का कारोबार ₹12 करोड़ से अधिक पहुंच चुका है तथा इसके उत्पाद 100 से अधिक विदुर प्रेरणा स्वदेशी आउटलेट्स और 64 से अधिक विदुर प्रेरणा कैफे के माध्यम से उपलब्ध हैं। हर्बल टी का विपणन मुरादाबाद सहित अन्य जनपदों में भी सफलतापूर्वक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह मॉडल ग्रामीण महिलाओं को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके उत्पादों के प्रभावी विपणन का मजबूत माध्यम बन चुका है। इसी पहल की बदौलत बिजनौर में 30 हजार से अधिक ‘लखपति दीदी’ तैयार हुई हैं। पूरी आपूर्ति श्रृंखला डिजिटल प्रणाली से संचालित हो रही है, जिसमें वेब पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से ऑर्डर प्रबंधन, उत्पाद ट्रेसबिलिटी, इन्वेंट्री और वितरण व्यवस्था का संचालन किया जा रहा है।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी’ का प्रदर्शन प्रयागराज महाकुंभ, नई दिल्ली स्थित सुंदर नर्सरी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फूड फेस्टिवल सहित कई राष्ट्रीय आयोजनों में किया जा चुका है। इन आयोजनों में अमेरिका, यूरोप सहित कई देशों से आए प्रतिनिधियों और संभावित खरीदारों ने इस उत्पाद में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह द्वारा नीति आयोग को भी उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप उत्पादों की सफलतापूर्वक आपूर्ति की जा चुकी है, जो इस ब्रांड की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है।