आईपीएल की तर्ज पर अमेठी में होगी एपीएल, सांसद किशोरीलाल शर्मा ने किया ऐलान

अमेठी, 03 जून 2026 (यूएनएस)। अमेठी में क्रिकेट प्रतिभाओं को नया मंच देने के उद्देश्य से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर अमेठी प्रीमियर लीग (एपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस सांसद किशोरीलाल शर्मा ने बुधवार को गौरीगंज स्थित एक निजी होटल में इसकी औपचारिक घोषणा की।

सांसद ने बताया कि एपीएल का आयोजन 15 जून से 25 जून तक डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले की छह टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें अमेठी के साथ-साथ आसपास के जनपदों के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें बड़ा मंच उपलब्ध कराना है। एपीएल के माध्यम से गांव-देहात के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकेंगे।

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है। सभी मुकाबले डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मैच 25 जून को आयोजित होगा।

एपीएल के आयोजक राजेश तिवारी ने बताया कि यह संपूर्ण प्रतियोगिता देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को समर्पित होगी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का अमेठी से विशेष जुड़ाव रहा है और उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

टूर्नामेंट को लेकर जिले के युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद टीमें अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। आयोजकों का दावा है कि एपीएल अमेठी में क्रिकेट संस्कृति को नई पहचान देगा और यहां से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे निकलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

जिले में पहली बार आयोजित होने जा रही इस प्रतियोगिता को खेल प्रेमियों और युवाओं का भरपूर समर्थन मिल रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि एपीएल आने वाले वर्षों में अमेठी का प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामेंट बनकर उभरेगा।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *