नीट-यूजी 2026 अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, परीक्षा अवधि 15 मिनट बढ़ी अब 195 मिनट की होगी परीक्षा, रफ वर्क के लिए मिलेंगे चार पृष्ठ

नई दिल्ली, 12 जून 2026 (यूएनएस)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा को अधिक छात्र-अनुकूल बनाने के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ा दी गई है। अब परीक्षा कुल 195 मिनट की होगी और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक आयोजित की जाएगी।

एनटीए के अनुसार अतिरिक्त समय में उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर और अन्य अनिवार्य औपचारिकताओं का समय भी शामिल रहेगा। इससे छात्रों को प्रश्न हल करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा और परीक्षा के दौरान अनावश्यक दबाव कम होगा।

परीक्षार्थियों की मांग को देखते हुए प्रश्न पुस्तिका में रफ वर्क के लिए उपलब्ध स्थान भी बढ़ाया गया है। पहले जहां केवल दो पृष्ठ दिए जाते थे, अब चार रफ वर्क पृष्ठ उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे गणना, आरेख और अन्य कार्यों को करने में अधिक सुविधा होगी।

प्रश्न पुस्तिका के स्वरूप में भी बदलाव किया गया है। पहले रफ वर्क के सभी पृष्ठ पुस्तिका के अंत में होते थे, जिससे कई अभ्यर्थियों, विशेषकर बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों को परेशानी होती थी। नई व्यवस्था के तहत दो रफ वर्क पृष्ठ प्रारंभिक निर्देशों के बाद और दो पृष्ठ पुस्तिका के अंत में दिए जाएंगे।

एनटीए ने कहा है कि ये बदलाव परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सहज, सुविधाजनक और छात्र-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं। साथ ही परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *