मिशन-2027 की तैयारी में योगी सरकार का बड़ा दांव, मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में व्यापक फेरबदल

लखनऊ, 03 जून (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में बड़ा फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत कई वरिष्ठ मंत्रियों के साथ-साथ हाल ही में मंत्रिमंडल में शामिल हुए नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजनीतिक गलियारों में इस कदम को संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा चुनावी तैयारियों को गति देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

नई व्यवस्था के अनुसार वरिष्ठ मंत्री भूपेंद्र चौधरी को आगरा के साथ कासगंज जिले का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। हाल ही में मंत्रिमंडल में शामिल किए गए मनोज पांडेय को सीतापुर का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं अजीत पाल को फतेहपुर, समेंद्र तोमर को मुजफ्फरनगर, हंसराज विश्वकर्मा को सोनभद्र और सुरेंद्र दलेर को बुलंदशहर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कैबिनेट मंत्रियों में सूर्य प्रताप शाही को अयोध्या और बस्ती, सुरेश कुमार खन्ना को वाराणसी और लखनऊ, स्वतंत्र देव सिंह को प्रयागराज और गोरखपुर, बेबी रानी मौर्य को इटावा और हाथरस, लक्ष्मी नारायण चौधरी को अलीगढ़ और फिरोजाबाद तथा जयवीर सिंह को झांसी और फर्रुखाबाद का प्रभार दिया गया है।

इसी प्रकार धर्मपाल सिंह को गाजियाबाद और रामपुर, नंद गोपाल गुप्ता नंदी को मिर्जापुर और चित्रकूट, अनिल राजभर को आजमगढ़ और सिद्धार्थनगर, राकेश सचान को रायबरेली और कन्नौज तथा ए.के. शर्मा को जौनपुर और भदोही की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अन्य मंत्रियों में योगेंद्र उपाध्याय को कानपुर नगर, आशीष पटेल को गोंडा, संजय निषाद को कानपुर देहात, ओमप्रकाश राजभर को अंबेडकरनगर, दारा सिंह चौहान को कुशीनगर और श्रावस्ती, सुनील कुमार शर्मा को सहारनपुर तथा अनिल कुमार को मुरादाबाद जिले का प्रभारी बनाया गया है।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्तर पर नितिन अग्रवाल को लखीमपुर खीरी, कपिल देव अग्रवाल को बिजनौर, रविंद्र जायसवाल को गाजीपुर, संदीप सिंह को मथुरा, गुलाब देवी को अमरोहा तथा गिरीश चंद्र यादव को सुल्तानपुर की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं धर्मवीर प्रजापति को मैनपुरी, असीम अरुण को हरदोई और मेरठ, जे.पी.एस. राठौर को संभल और बरेली, दयाशंकर सिंह को देवरिया और मऊ, नरेंद्र कुमार कश्यप को शाहजहांपुर, दिनेश प्रताप सिंह को बांदा और बहराइच, अरुण कुमार सक्सेना को बदायूं तथा दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ को बलिया और महराजगंज का प्रभार सौंपा गया है।

सरकार के इस व्यापक फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि नए प्रभार मिलने से मंत्री जिलों में संगठन, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करेंगे तथा विकास कार्यों की निगरानी को और प्रभावी बनाएंगे।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *