लखनऊ, 22 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी बीच अखिलेश यादव ने गठबंधन और सीट शेयरिंग को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साफ कहा कि “बात सीट की नहीं, जीत की है” और उनकी पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती से मुलाकात की कोशिशों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि सपा प्रमुख ने अपने इस बयान के जरिए सहयोगी दलों, खासकर कांग्रेस को स्पष्ट संकेत देने की कोशिश की है कि समाजवादी पार्टी संगठनात्मक रूप से पूरी तरह तैयार है और जरूरत पड़ने पर अपने दम पर भी चुनावी मैदान में उतर सकती है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया है। उन्होंने दावा किया कि जो भी दल गठबंधन में साथ आएगा, उसे सपा के मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं का लाभ मिलेगा।
अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को एक बड़ा सामाजिक आंदोलन बताते हुए कहा कि इसमें देश की 95 प्रतिशत आबादी शामिल है, जो खुद को उपेक्षित और पीड़ित महसूस करती है। उन्होंने इसे “नई आजादी का आंदोलन” करार देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय की रक्षा करना है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 403 सीटों पर तैयारी की बात कहकर सपा ने कांग्रेस पर दबाव बनाने की रणनीति अपनाई है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह संदेश साफ है कि अगर गठबंधन सहयोगी अलग राजनीतिक विकल्प तलाशते हैं, तो समाजवादी पार्टी अकेले चुनाव लड़ने से पीछे नहीं हटेगी।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसके नतीजे 2029 लोकसभा चुनाव की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में प्रदेश में सियासी समीकरणों और गठबंधनों को लेकर बयानबाजी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है।
