वनाग्नि पर नियंत्रण के लिए 1000 नए फॉरेस्ट गार्ड होंगे भर्ती, धामी सरकार का बड़ा फैसला

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून, 22 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में जंगलों में लगने वाली आग की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 1000 नए फॉरेस्ट गार्ड भर्ती करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को अधिकारियों के साथ हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने वनाग्नि रोकथाम को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जंगलों में आग लगने की सूचना मिलने के बाद प्रतिक्रिया समय न्यूनतम रखा जाए और संबंधित अधिकारी एक घंटे के भीतर मौके पर पहुंचें। उन्होंने मोबाइल अलर्ट प्रणाली के जरिए वनाग्नि की सूचना तत्काल संबंधित क्षेत्रों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के “शीतलखेत मॉडल” को पूरे प्रदेश में लागू करने के निर्देश दिए। इस मॉडल में स्थानीय समुदायों और वन विभाग के बीच समन्वय बनाकर जंगलों में आग की रोकथाम और नुकसान को कम करने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

मुख्यमंत्री ने फायर लाइन के आसपास छोटी-छोटी तलैया बनाने, आग रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने तथा आग बुझाने वाले कर्मचारियों को पर्याप्त आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि वन रक्षकों की कमी को दूर करने के लिए 1000 नई नियुक्तियां की जाएंगी, ताकि वन क्षेत्रों में निगरानी और त्वरित कार्रवाई को और मजबूत किया जा सके।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम समितियों और वन पंचायतों को वनाग्नि रोकथाम के लिए नियमानुसार आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर भी प्रभावी सहयोग मिल सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *