आईपीएल 2026 फाइनल: खिताब के लिए भिड़ेंगी गुजरात टाइटंस और आरसीबी

अहमदाबाद, 31 मई 2026। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगी। जहां आरसीबी लगातार दूसरे साल खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी, वहीं गुजरात टाइटंस 2022 के बाद दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम करने का प्रयास करेगी।

दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए मुकाबलों पर नजर डालें तो आरसीबी को मामूली बढ़त हासिल है। आईपीएल इतिहास में गुजरात और बेंगलुरु के बीच नौ मैच खेले गए हैं, जिनमें पांच में आरसीबी और चार में गुजरात को जीत मिली है। आंकड़े बताते हैं कि दोनों टीमों के बीच मुकाबले हमेशा कांटे के रहे हैं।

फाइनल से पहले खेले गए पहले क्वालिफायर में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को एकतरफा मुकाबले में हराया था। बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। कप्तान रजत पाटीदार ने 33 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जबकि विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या ने भी अहम योगदान दिया था। जवाब में गुजरात की टीम 162 रन पर सिमट गई थी।

हालांकि गुजरात के पास अब उस हार का हिसाब चुकता करने का मौका है। सबसे बड़ी बात यह है कि फाइनल मुकाबला उसके घरेलू मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां टीम को स्थानीय परिस्थितियों का फायदा मिल सकता है।

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में हैं। दूसरे क्वालिफायर में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 53 गेंदों पर 104 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। साई सुदर्शन ने भी 32 गेंदों में 58 रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की थी। फाइनल में टीम की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी एक बार फिर इन दोनों खिलाड़ियों पर रहेगी।

दूसरी ओर आरसीबी की टीम संतुलित और आत्मविश्वास से भरपूर नजर आ रही है। बल्लेबाजी में विराट कोहली, रजत पाटीदार और क्रुणाल पांड्या लगातार रन बना रहे हैं, जबकि गेंदबाजी में जैकब डफी और भुवनेश्वर कुमार ने विपक्षी टीमों को परेशान किया है। पहले क्वालिफायर में डफी ने तीन और भुवनेश्वर ने दो विकेट लेकर गुजरात की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर दिया था।

मैच से जुड़ी अहम जानकारी

  • मुकाबला: गुजरात टाइटंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (फाइनल)
  • तारीख: 31 मई 2026 (रविवार)
  • स्थान: Narendra Modi Stadium
  • समय: शाम 7:30 बजे
  • टॉस: शाम 7:00 बजे

कहां देखें मुकाबला

मैच का सीधा प्रसारण Star Sports के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। वहीं इसकी लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar पर उपलब्ध रहेगी।

क्रिकेट प्रशंसकों को इस फाइनल में एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है, क्योंकि दोनों टीमें पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी मुकाबले तक पहुंची हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि ट्रॉफी पर कब्जा आरसीबी बरकरार रखती है या गुजरात टाइटंस अपने घरेलू मैदान पर इतिहास रचती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *