लखनऊ, 07 मई 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व अधिकारी अविनाश मिश्रा की जिंदगी पर आधारित वेब सीरीज इंस्पेक्टर अविनाश का दूसरा सीजन 15 मई को रिलीज होने जा रहा है। गुरुवार को लखनऊ में आयोजित ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा समेत पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही।
कार्यक्रम के दौरान रणदीप हुड्डा ने कहा कि जिस तरह मुंबई में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हुई, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी अपराधियों का सफाया हुआ है। उन्होंने कहा कि यह वेब सीरीज एक्शन और क्राइम-थ्रिलर से भरपूर बायोपिक है, जो एक वास्तविक पुलिस अधिकारी के संघर्ष और साहस को दिखाती है।
वेब सीरीज यूपी पुलिस के पूर्व डिप्टी एसपी अविनाश मिश्रा के जीवन पर आधारित है। हमीरपुर निवासी अविनाश मिश्रा वर्ष 1982 में सब-इंस्पेक्टर के पद पर भर्ती हुए थे और 2019 में डिप्टी एसपी पद से सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने 1990 के दशक के अपराध और संगठित गैंगवार के दौर को याद करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में भय का माहौल था, जबकि आज कानून-व्यवस्था काफी बेहतर हुई है।
ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, निर्देशक और अन्य कलाकार भी मौजूद रहे।
रणदीप हुड्डा ने लखनऊ की तारीफ करते हुए कहा कि यह शहर अपनी तहजीब और अदब के लिए खास पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि यहां शूटिंग का अनुभव बेहद शानदार रहा और भविष्य में भी वह यहां काम करना चाहेंगे।
वेब सीरीज में अविनाश मिश्रा का किरदार निभा रहे रणदीप ने बताया कि इस भूमिका के लिए उन्हें लखनऊ की भाषा और लहजे को सीखना पड़ा। उन्होंने कहा कि हरियाणवी पृष्ठभूमि होने के कारण शुरुआत में चुनौती जरूर आई, लेकिन बाद में उन्होंने इसे काफी एन्जॉय किया।
उन्होंने दावा किया कि इंस्पेक्टर अविनाश का दूसरा सीजन पहले से ज्यादा दमदार और रोमांचक होगा तथा दर्शकों को भरपूर मनोरंजन देगा।
