29 अप्रैल को अयोध्या में शिव मंदिर पर ध्वजारोहण करेंगे सीएम योगी, भव्य आयोजन की तैयारी

लखनऊ, 26 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में स्थित शिव मंदिर के शिखर पर 29 अप्रैल को ध्वजारोहण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं शामिल होकर शाम 5 बजे ध्वजारोहण करेंगे।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने जानकारी दी कि वैशाख शुक्ल त्रयोदशी के अवसर पर यह धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले परिसर में रामलला, माता अन्नपूर्णा, सूर्यदेव, हनुमान जी और गणेश मंदिरों के शिखरों पर ध्वजारोहण हो चुका है।

700 अतिथियों की मौजूदगी, विशेष प्रवेश व्यवस्था
कार्यक्रम में लगभग 700 अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालुओं और आमंत्रित अतिथियों के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग निर्धारित किए गए हैं। रंगमहल आश्रम रामकोट, अमावा राम मंदिर और रामगुलेला मंदिर बैरियर की ओर से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बिरला धर्मशाला के सामने स्थित जगद्गुरु रामानन्दाचार्य द्वार से भी प्रवेश दिया जाएगा।

पार्किंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
आगंतुकों के लिए टेढ़ी बाजार चौराहे पर अरुंधती भवन पार्किंग, गोकुल भवन मार्ग और ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात रहेंगी और पूरे मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया जाएगा।

ध्वजारोहण के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में दर्शन का अवसर भी मिलेगा। यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *