उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; केदारनाथ यात्रा प्रभावित, बदरीनाथ हाईवे भी बंद

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; केदारनाथ यात्रा प्रभावित, बदरीनाथ हाईवे भी बंद

देहरादून, 02 जुलाई। उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय होते ही लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन और चारधाम यात्रा पर असर डालना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने देहरादून समेत पांच जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। लगातार बारिश के कारण रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग और चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग मलबा और पत्थर गिरने से बाधित हो गया है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने रुद्रप्रयाग के सोनप्रयाग-मुनकटिया मार्ग पर वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही एहतियातन अस्थायी रूप से रोक दी है। जिला प्रशासन का कहना है कि मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू कराई जाएगी।

मौसम विभाग के अनुसार 30 जून को प्रदेश में मानसून के प्रवेश के बाद से लगातार बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में नरेंद्रनगर में 110 मिमी, धनोल्टी में 100 मिमी, खटीमा में 85.5 मिमी, जौलीग्रांट में 80.4 मिमी, देहरादून में 79.6 मिमी, मसूरी में 77.8 मिमी, लक्सर में 73.5 मिमी, बनबसा में 72 मिमी, पंतनगर में 70.6 मिमी, बड़कोट में 65 मिमी, रुद्रप्रयाग में 64.5 मिमी, जखोली में 63 मिमी और यमकेश्वर में 60 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अन्य क्षेत्रों में भी मध्यम से तेज बारिश हुई।

लगातार वर्षा के चलते प्रदेशभर में तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। देहरादून का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी से बेहद भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

रुद्रप्रयाग के मुनकटिया क्षेत्र में पहाड़ी से बड़े पत्थर गिरने के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग बंद हो गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही आवाजाही बहाल की जाएगी।

उधर, चमोली जिले के गुलाबकोटी गांव के पास पहाड़ी से भारी मलबा आने के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी अवरुद्ध हो गया। इसके चलते बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन दोनों ओर फंस गए। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) की मशीनों से मलबा हटाने का कार्य जारी है और प्रशासन जल्द से जल्द यातायात बहाल करने में जुटा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *