रामलला के दरबार में नतमस्तक हुए नेपाल के पूर्व उपप्रधानमंत्री रवि लामिछाने, परिवार संग किए दर्शन

अयोध्या, 05 जून (यूएनएस)। नेपाल के पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने शुक्रवार को परिवार सहित रामनगरी अयोध्या पहुंचे और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा देश, समाज और मानवता के कल्याण की कामना की।

अयोध्या पहुंचने पर उनका स्वागत नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने किया। मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान रवि लामिछाने ने रामलला के समक्ष श्रद्धापूर्वक मत्था टेका और कुछ समय तक मंदिर परिसर में प्रवास कर वहां के आध्यात्मिक वातावरण एवं भव्यता का अवलोकन किया।

दर्शन के उपरांत रवि लामिछाने ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों को साझा संस्कृति, आस्था, सभ्यता और परंपराएं जोड़ती हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या की यह यात्रा उनके लिए अत्यंत आध्यात्मिक और भावनात्मक अनुभव रही है। रामलला के दर्शन कर उन्हें आत्मिक शांति और विशेष आनंद की अनुभूति हुई है।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने भारत-नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर और भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या दोनों देशों को आस्था के अटूट सूत्र में बांधे हुए हैं। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक संपर्क दोनों देशों के संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाते हैं।

कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ रवि लामिछाने का अभिनंदन किया। स्वागत समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अयोध्या आज विश्वभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुकी है और विभिन्न देशों से श्रद्धालु यहां रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या केवल भगवान श्रीराम की नगरी ही नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। नेपाल के पूर्व उपप्रधानमंत्री का यह दौरा दोनों देशों के पारंपरिक रिश्तों को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

कार्यक्रम के दौरान मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) बलरामाचारी दुबे, अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल, महंत गोपाल दास, महामंत्री शैलेन्द्र कोरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही।

दर्शन-पूजन कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद रवि लामिछाने परिवार सहित नेपाल के लिए रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि रामलला के दर्शन उनके लिए जीवन के अविस्मरणीय और सौभाग्यपूर्ण क्षणों में शामिल रहेंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *