20 करोड़ की सरकारी जमीन से हटाया कब्जा, नगर निगम ने चलाया बुलडोजर अभियान

लखनऊ, 14 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। लखनऊ नगर निगम ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरसवां और मस्तेमऊ क्षेत्रों में करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन को मुक्त कराया। अभियान के दौरान बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, सरसवां क्षेत्र में गाटा संख्या 839, 842, 843 मि. और 1018 मि. की कुल 0.857 हेक्टेयर भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया था। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि नवीन परती, बंजर और नदी के रूप में दर्ज है। जेसीबी मशीनों की मदद से इन अवैध निर्माणों को गिराकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। इस भूमि की अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई गई है।

इसी तरह, मस्तेमऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए 1.113 हेक्टेयर सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। यहां भी भू-माफियाओं द्वारा प्लाटिंग के उद्देश्य से अवैध बाउंड्रीवाल खड़ी की जा रही थी, जिसे ध्वस्त कर दिया गया। इस जमीन की कीमत भी लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी गई है।

नगर निगम ने यह कार्रवाई पुलिस और ईटीएफ बल के सहयोग से की। अभियान के दौरान टीम का नेतृत्व नायब तहसीलदार तेजस्वी प्रकाश ने किया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *