लखनऊ, 12 जून 2026 (RNN)। परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के ईको गार्डन में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि यह आंदोलन युवाओं के भविष्य और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले दिल्ली और पुणे में भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए जा चुके हैं और अब यह अभियान देश के अन्य शहरों तक पहुंचाया जा रहा है।
दीपके ने कहा कि उनका संगठन लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी बात रख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है, इसलिए जिम्मेदारी तय करते हुए शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने नीट सहित विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग की। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर ईको गार्डन और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तथा त्वरित कार्रवाई बल की तैनाती की गई थी।
सीजेपी ने घोषणा की है कि लखनऊ के बाद अमृतसर और बेंगलुरु में भी प्रदर्शन किए जाएंगे, जबकि 20 जून को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। संगठन का कहना है कि जब तक परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
