NEET-UG रद्द होने पर भड़के अखिलेश, बोले- भाजपा सरकार में ‘लीक’ की लीक पर चल रही परीक्षा प्रणाली

लखनऊ, 12 मई 2026 (यूएनएस)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) रद्द किए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब तक भ्रष्ट भाजपा सरकार रहेगी, तब तक परीक्षा प्रणाली ‘लीक’ की लीक पर ही चलती रहेगी।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी-2026 को कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद मंगलवार को रद्द करने की घोषणा की। केंद्र सरकार ने मामले की विस्तृत जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी है।

इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा, “ये क्या गारंटी है कि दोबारा परीक्षा कराने पर पेपर फिर लीक नहीं होगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की भ्रष्ट व्यवस्था के कारण लाखों छात्रों और करोड़ों अभिभावकों में भारी आक्रोश और निराशा है।

सपा प्रमुख ने कहा, “जब तक भ्रष्ट भाजपा सरकार रहेगी, ‘लीक’ की लीक पर ही परीक्षा प्रणाली चलती रहेगी। भाजपा सरकार रहेगी तो परीक्षा होती रहेगी लीक, भाजपा के जाने के बाद ही परीक्षा प्रणाली होगी ठीक। भाजपा सरकार मतलब नाकाम सरकार।”

उधर, मेडिकल छात्रों और डॉक्टरों के संगठन ‘द फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन’ (एफएआईएमए) ने भी मामले की समयबद्ध जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने कहा कि पेपर लीक की घटना ने उन लाखों मेहनती छात्रों का भरोसा तोड़ दिया है, जिन्होंने वर्षों की मेहनत और त्याग के बाद परीक्षा दी थी।

गौरतलब है कि नीट-यूजी 2026 परीक्षा तीन मई को आयोजित की गई थी, लेकिन राजस्थान समेत कई राज्यों में कथित प्रश्नपत्र लीक और संदिग्ध गतिविधियों के सामने आने के बाद विवाद गहरा गया। इसके बाद एनटीए ने परीक्षा रद्द कर पुनर्परीक्षा कराने का फैसला लिया। अब पूरे मामले की जांच सीबीआई करेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *