गोरखपुर, 12 मई 2026। रामगढ़ताल की लहरों पर बुधवार से रोमांच, प्रतिस्पर्धा और महिला शक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। पांच दिवसीय ‘अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग’ का आगाज होने जा रहा है, जिसमें देशभर की 16 टीमें और 275 महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। पिछली विजेता तेलंगाना की टीम समेत मेजबान उत्तर प्रदेश की ‘गोरखपुर क्वींस’ पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सहयोग से रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन इस प्रतियोगिता का आयोजन करा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश खेल विभाग और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
इस लीग की खास बात यह है कि यहां राज्यों के बजाय जिला स्तर की टीमें मैदान में उतर रही हैं। इससे मुकाबले और भी रोचक हो गए हैं। उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व मेजबान टीम ‘गोरखपुर क्वींस’ करेगी, जिससे स्थानीय दर्शकों की उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं।
‘गोरखपुर क्वींस’ पर मेजबानों की उम्मीदें, 26 लाख से ज्यादा की इनामी राशि दांव पर
मंगलवार को रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव शुभाशीष मुखर्जी ने प्रतियोगिता स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और ‘कोर्स ओपनिंग’ की शुरुआत कराई। उनकी मौजूदगी में देशभर से आई खिलाड़ियों ने रामगढ़ताल में अभ्यास कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
महासचिव शुभाशीष मुखर्जी ने बताया कि इस बार रिकॉर्ड 16 टीमें भाग ले रही हैं, जबकि पिछली बार केवल आठ टीमों ने हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा कि पहली बार प्रतियोगिता में ₹26,32,500 की आकर्षक इनामी राशि खिलाड़ियों और टीमों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप गोरखपुर तेजी से वॉटर स्पोर्ट्स का हब बन रहा है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिलेगा।
उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा ने बताया कि 13 मई को शाम चार बजे प्रतियोगिता का उद्घाटन होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल होंगे। इसके बाद टीम मैनेजर और जूरी मीटिंग के साथ मुकाबलों का ड्रा निकाला जाएगा, जबकि वास्तविक रेस और हीट्स 14 मई से शुरू होंगी।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की ‘गोरखपुर क्वींस’ के अलावा केरल की कोचीन क्वींस और त्रावणकोर क्वींस, महाराष्ट्र की डेक्कन क्वींस और विक्टोरिया, पंजाब की मोगा क्वींस, मध्य प्रदेश की भोपाल टीम, झारखंड की स्टील ओर्स, असम की ब्रह्मपुत्र वॉरियर्स, तेलंगाना की हैदराबाद क्वींस, हरियाणा की जींद सिटी हरियाणा, ओडिशा की कटक रोइंग क्लब, पश्चिम बंगाल की बंगाल टीम, अंडमान-निकोबार की अंडमान अचीवर्स, चंडीगढ़ रोइंग और कर्नाटक की बेंगलुरु टीम हिस्सा लेंगी।
मेजबान ‘गोरखपुर क्वींस’ टीम की घोषणा भी कर दी गई है। समाजसेवी अमित बथवाल ने खिलाड़ियों को किट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। चयन समिति के चेयरमैन आदित्य मिश्रा (आईपीएस) ने टीम की घोषणा करते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
अब रामगढ़ताल की लहरों पर देशभर की महिला खिलाड़ियों के बीच पदकों और प्रतिष्ठा की जंग देखने के लिए खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।
