अजय राय आईसीयू में भर्ती, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने जताई चिंता; भाजपा में जाने की अटकलें खारिज

लखनऊ, 02 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की शुक्रवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज के बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, अजय राय को सीने में दर्द की शिकायत हुई थी और घर लौटते समय वह कार में ही बेहोश हो गए थे। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार देर रात सामाजिक माध्यम X पर पोस्ट कर अजय राय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने लिखा कि अजय राय के अस्वस्थ होने की खबर मिली है और वह उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

राहुल गांधी ने भी जताई चिंता

प्रधानमंत्री के संदेश के लगभग 11 घंटे बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी पोस्ट कर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अजय राय के अस्वस्थ होने की खबर से वह चिंतित हैं और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं, ताकि वे जल्द ही फिर से जनसेवा में सक्रिय हो सकें।

सियासी अटकलें और कांग्रेस का जवाब

प्रधानमंत्री के पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में यह अटकलें लगाई जाने लगीं कि अजय राय भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि कांग्रेस ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है।

कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र ने कहा कि भाजपा बीमारी के समय भी राजनीति करने से नहीं चूकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि अजय राय पहले भी भाजपा के खिलाफ लड़ रहे थे, अभी भी लड़ रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग प्रधानमंत्री के पोस्ट के आधार पर अजय राय के भाजपा में जाने की अटकलें लगा रहे हैं, वे बेबुनियाद हैं और उनका कोई आधार नहीं है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *