दादा भी, सुपरहीरो भी… बच्चों की कल्पनाओं को नई उड़ान देगी ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’

लखनऊ, 18 मई 2026 (यूएनएस)। बदलते दौर में बच्चों की दुनिया अब सिर्फ किताबों और कार्टून तक सीमित नहीं रह गई है। आज के बच्चे अपने आसपास के लोगों में भी सुपरहीरो तलाश लेते हैं। कभी अपने पिता में तो कभी अपने दादा में। बच्चों की इसी मासूम कल्पना, परिवार के प्यार और रिश्तों की खूबसूरती को बड़े पर्दे पर लेकर आ रही है फिल्म ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’

फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में दिग्गज अभिनेता Jackie Shroff और तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक Manish Saini सोमवार को लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान फिल्म और अपने अनुभवों को साझा किया।

प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचे जैकी श्रॉफ और निर्देशक मनीष सैनी, फिल्म को बताया परिवार और बच्चों की भावनाओं से जुड़ी खास कहानी

बच्चों के साथ अपने जुड़ाव पर बात करते हुए जैकी श्रॉफ ने कहा कि वह बच्चों के बीच खुद भी बच्चा बन जाते हैं। उन्होंने कहा, “मुझे सारे बच्चे मेरे बेटे टाइगर जैसे लगते हैं। इसलिए उनके लिए मेरा प्यार बेहद खास होता है। बच्चों को खेलना-कूदना चाहिए, लेकिन हर चीज की एक सीमा होनी चाहिए। जीवन में लक्ष्मण रेखा का महत्व समझना जरूरी है।”

एकल परिवारों के बढ़ते चलन पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि परिवारों को अपने माता-पिता को साथ लेकर चलना चाहिए। यदि काम के कारण घर से दूर रहना पड़े, तब भी बुजुर्गों को परिवार का हिस्सा बनाए रखना जरूरी है।

वहीं निर्देशक मनीष सैनी ने बताया कि फिल्म का मुख्य किरदार शुरुआत से ही उनकी कल्पना में जैकी श्रॉफ के रूप में था। उन्होंने कहा कि जब वह जैकी श्रॉफ को कहानी सुना रहे थे, तब उन्हें महसूस हुआ कि यह किरदार उन्हीं के व्यक्तित्व से मेल खाता है।

मनीष सैनी ने कहा, “जैकी दादा के भीतर आज भी एक बच्चा मौजूद है। यही वजह है कि वह इस भूमिका में पूरी तरह फिट बैठे। हर बच्चा अपने दादा या पिता को सुपरहीरो मानता है और यही भावना फिल्म की आत्मा है।”

उन्होंने आगे कहा कि जैकी श्रॉफ खुद को “नॉन-एक्टर” कहते हैं, लेकिन पर्दे पर उनके अभिनय ने कई ऐसे भाव जीवंत कर दिए, जिनकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी।

हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। खासकर बच्चों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

जी स्टूडियोज और आमदावाद फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ का निर्देशन और लेखन मनीष सैनी ने किया है। फिल्म को उमेश कुमार बंसल और मनीष सैनी ने प्रोड्यूस किया है, जबकि आकाश जेएच शाह, रेडिता टंडन और अमृता परांडे इसके को-प्रोड्यूसर हैं।

यह फिल्म 29 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *