महंगाई और मंत्रिमंडल विस्तार पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प

लखनऊ,15 मई 2026 (यूएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार और बढ़ती महंगाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मंत्रियों के नाम तय होने के बाद अब क्या उनके विभागों की “पर्ची” भी ऊपर से आएगी।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मंत्रालयों के बंटवारे में हो रही देरी की असली वजह विभागों से होने वाली कथित “कमीशन कमाई” के बंटवारे को लेकर सत्ता के भीतर चल रही खींचतान है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नए मंत्री केवल दर्शक दीर्घा में बैठे हैं और फैसले कहीं और से हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनता अब नए मंत्रियों के कामकाज पर पूरी निगरानी रखेगी। कागजी प्रमाणों के साथ-साथ ऑडियो और वीडियो साक्ष्य भी जुटाए जाएंगे, ताकि भ्रष्टाचार उजागर किया जा सके। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार रोकने वाले संस्थानों को कमजोर कर दिया गया है और अब जनता को सोशल मीडिया तथा नागरिक पत्रकारिता के जरिए ही न्याय की उम्मीद है।

समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा कि जनता को लगने लगा है कि भाजपा सरकार सत्ता में अपने अंतिम दौर में है और इसी वजह से “दसों हाथों से पैसा बटोरने” की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जागरूक जनता अब ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगी।

इस बीच पेट्रोल, डीजल और संपीड़ित प्राकृतिक गैस यानी सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “अगर आगे बढ़ना है तो साइकिल ही एकमात्र विकल्प है।” इसे समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न से जोड़कर देखा जा रहा है।

राजधानी लखनऊ में पेट्रोल की कीमत में 2 रुपये 84 पैसे और डीजल की कीमत में 3 रुपये 1 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद पेट्रोल 97 रुपये 55 पैसे प्रति लीटर और डीजल 90 रुपये 82 पैसे प्रति लीटर हो गया है। वहीं सीएनजी के दाम में भी 2 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई है, जिसके बाद लखनऊ में इसकी कीमत 98 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है।

ग्रीन गैस लिमिटेड के सहायक महाप्रबंधक प्रवीण सिंह ने बताया कि लखनऊ, अयोध्या, सुल्तानपुर, उन्नाव और आगरा में संशोधित दरें लागू कर दी गई हैं। वहीं दिल्ली में भी सीएनजी की कीमत 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाकर 79 रुपये 9 पैसे कर दी गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *