नीट पेपर लीक के खिलाफ राहुल गांधी का देशव्यापी अभियान, 17 जून से कोटा में पहला छात्र सम्मेलन

नई दिल्ली, 12 जून 2026 (यूएनएस)। नीट पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर कांग्रेस देशव्यापी छात्र अभियान शुरू करने जा रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस अभियान का नेतृत्व करेंगे। इसकी शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी, जहां पहला छात्र सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने बताया कि कोटा के बाद 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में भी छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा, शिक्षक, युवा संगठन और परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों से प्रभावित अभ्यर्थी भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पेपर लीक, भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में देरी, बढ़ती परीक्षा लागत तथा निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है। कांग्रेस राष्ट्रीय छात्र संगठन, युवा कांग्रेस और पार्टी की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाएगी। इसके तहत विश्वविद्यालयों, विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और युवा केंद्रों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सामाजिक माध्यमों के जरिए भी छात्रों तक पहुंच बनाई जाएगी।

वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला के माध्यम से युवाओं से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को राष्ट्रीय मंच पर उठाएंगे। पार्टी का दावा है कि लाखों छात्रों का भविष्य पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली की खामियों के कारण प्रभावित हुआ है।

इस बीच, पेपर लीक के मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी भी सक्रिय है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में दिल्ली, पुणे और लखनऊ में प्रदर्शन किए जा चुके हैं। संगठन ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की वकालत की है।

नीट परीक्षा को लेकर उठे विवादों के बीच विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। विपक्ष का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियों से छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर हुआ है। वहीं सरकार का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *