चंडीगढ़। पंजाब राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य के 104 स्थानीय निकायों के चुनाव की घोषणा कर दी है। राज्य निर्वाचन आयुक्त राज कमल चौधरी ने सोमवार को बताया कि आठ नगर निगमों समेत विभिन्न शहरी निकायों के लिए मतदान 26 मई 2026 को कराया जाएगा, जबकि मतगणना 29 मई को होगी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार 13 मई से 16 मई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 18 मई को की जाएगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 19 मई निर्धारित की गई है।
पंजाब राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नामांकन दाखिल करने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पहले ही पूरा कर लिया है और अंतिम मतदाता सूची 5 मई को प्रकाशित की जा चुकी है।
राजनीतिक दृष्टि से इन चुनावों को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इन्हें आगामी 2027 विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल माना जा रहा है। राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी विपक्ष के हमलों का सामना कर रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी, शिरोमणि अकाली दल और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस भी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपने-अपने चुनाव चिन्ह पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। माना जा रहा है कि नगर निकाय चुनावों में सभी दल पूरी ताकत झोंकेंगे और इनके नतीजे राज्य की आगामी राजनीतिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
जिन नगर निगमों में चुनाव कराए जाएंगे उनमें बठिंडा, मोगा, पठानकोट, होशियारपुर, बटाला, मोहाली, अबोहर, बरनाला और कपूरथला शामिल हैं।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने पहले इन शहरी निकायों को भंग कर प्रशासकों की नियुक्ति की थी, जो चुनाव होने तक निकायों का कामकाज संभाल रहे थे।
