तमिलनाडु में विजय सरकार का रास्ता साफ, कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे टीवीके प्रमुख

चेन्नई, 09 मई। सी. जोसेफ विजय अब तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। राज्य में पिछले कई दिनों से जारी राजनीतिक उथल-पुथल शनिवार को पूरी तरह समाप्त हो गई, जब विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया। वह रविवार सुबह 10 बजे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

शनिवार को विजय ने राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से चेन्नई स्थित लोक भवन में मुलाकात कर 234 सदस्यीय विधानसभा में 121 विधायकों के समर्थन के साथ सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस दौरान उनके साथ गठबंधन के कई प्रमुख नेता भी मौजूद रहे।

सूत्रों के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह में विजय के साथ उनकी नई कैबिनेट के नौ अन्य विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। समारोह को लेकर चेन्नई में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

सरकार बनाने के लिए विजय को पिछले कुछ दिनों में लगातार राजनीतिक प्रयास करने पड़े। बहुमत जुटाने के लिए राज्यपाल से उनकी यह चार दिनों के भीतर चौथी मुलाकात थी। शनिवार को वीसीके और आईयूएमएल द्वारा समर्थन दिए जाने के बाद बहुमत का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।

राजभवन में हुई मुलाकात के दौरान कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, वीसीके और आईयूएमएल के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इसे विजय के नेतृत्व में बने नए गठबंधन की मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।

तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों की जरूरत होती है। टीवीके के पास अपने 108 विधायक हैं। इसके अलावा कांग्रेस के 5, भाकपा के 2, माकपा के 2, वीसीके के 2 और आईयूएमएल के 2 विधायकों का समर्थन मिलने के बाद गठबंधन का आंकड़ा 121 तक पहुंच गया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विजय के मुख्यमंत्री बनने के साथ तमिलनाडु की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत होगी। अभिनेता से राजनेता बने विजय ने कम समय में राज्य की राजनीति में मजबूत पकड़ बनाई है और अब उनकी सरकार के कामकाज पर पूरे देश की नजर रहेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *