कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात दौरे पर पीएम मोदी, 9400 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

नई दिल्ली, 10 मई। नरेंद्र मोदी रविवार और सोमवार को कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह बंगलूरू में आर्ट ऑफ लिविंग की 45वीं वर्षगांठ समारोह में हिस्सा लेंगे, हैदराबाद में करीब 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा सोमवार को सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री रविवार सुबह बंगलूरू स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर पहुंचेंगे। यहां वह संगठन की 45वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लेने के साथ नवनिर्मित ध्यान मंदिर का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक परिवर्तन से जुड़ी देशव्यापी सेवा परियोजनाओं की शुरुआत भी करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री हैदराबाद पहुंचेंगे, जहां वह लगभग 9,400 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री हैदराबाद में अत्याधुनिक गैर-लाभकारी स्वास्थ्य संस्थान सिंधु अस्पताल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह अस्पताल कैंसर उपचार और मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं पर केंद्रित है।

इसी दौरे में पीएम मोदी हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे के तहत गुडेबेलूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को चार लेन में विकसित करने की परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना की लागत 3,175 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

प्रधानमंत्री वारंगल में पीएम मित्र पार्क का उद्घाटन भी करेंगे, जिसे काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क के नाम से विकसित किया गया है।

सोमवार, 11 मई को पीएम मोदी सोमनाथ मंदिर में आयोजित सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल होंगे। यह आयोजन मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री स्मारक डाक टिकट और स्मारक सिक्का भी जारी करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री वडोदरा जाएंगे, जहां वह सरदारधाम हॉस्टल का उद्घाटन करेंगे। इस हॉस्टल में एक हजार छात्र और एक हजार छात्राओं के रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *