राज्यपाल से योगी की मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज

लखनऊ, 09 मई। योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जनभवन पहुंचकर आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। करीब 40 मिनट तक चली इस शिष्टाचार भेंट के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को महज औपचारिक नहीं माना जा रहा है। लंबे समय से लंबित कैबिनेट विस्तार को लेकर पहले भी चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन मुख्यमंत्री और राज्यपाल की मुलाकात के बाद इन अटकलों ने फिर जोर पकड़ लिया है।

सियासी जानकारों का मानना है कि लोकसभा चुनाव के बाद संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने के लिए कई नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है। संभावित विस्तार में पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जातीय समीकरणों पर विशेष ध्यान दिए जाने की चर्चा है।

सूत्रों के मुताबिक आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए ओबीसी, दलित और महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर फोकस किया जा सकता है। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और सहयोगी दलों को भी साधने की कोशिश संभावित मानी जा रही है।

राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी है कि केवल नए मंत्रियों को शामिल करने तक ही बदलाव सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल हो सकता है।

विपक्ष संभावित विस्तार को “डैमेज कंट्रोल” की कवायद बता रहा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी के सूत्रों का कहना है कि पार्टी समय आने पर फैसला करेगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि भाजपा में कब क्या होगा और किसे कौन सी जिम्मेदारी मिलेगी, इसका अनुमान लगाना आसान नहीं होता।

फिलहाल राजभवन और मुख्यमंत्री आवास की ओर से इस मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक हलचल और चर्चाओं का दौर लगातार जारी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *