राघव चड्ढा के भाजपा में जाने पर केजरीवाल का हमला, बोले— पंजाबियों के साथ फिर हुआ धक्का

नई दिल्ली, 24 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा समेत सात सांसदों के पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के ऐलान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

आप संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने इस घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि “भाजपा ने एक बार फिर पंजाबियों के साथ धक्का किया है।”

वहीं, आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इसे भाजपा का “ऑपरेशन लोटस” करार देते हुए कहा कि यह राजनीतिक साजिश के तहत पंजाब की भगवंत मान सरकार को अस्थिर करने की कोशिश है।

संजय सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर काम कर रही है, जहां लोगों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी जनहितकारी सरकार को रोकने के लिए भाजपा बड़े पैमाने पर राजनीतिक खेल खेल रही है।

उन्होंने कहा कि आप ने जिन नेताओं को जमीन से उठाकर संसद तक पहुंचाया, वही अब पार्टी छोड़कर भाजपा में चले गए हैं, जिसे पंजाब की जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर “ऑपरेशन लोटस” चलाया जा रहा है।

आप नेताओं का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे राजनीतिक दबाव और एजेंसियों का इस्तेमाल किया गया है, ताकि पंजाब की सरकार को कमजोर किया जा सके।

इस घटनाक्रम के बाद देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इसका असर पंजाब सहित राष्ट्रीय स्तर की राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *