रिटायर्ड आईपीएस की पत्नी की जमीन पर बना अवैध लॉन सील, एलडीए की कार्रवाई

लखनऊ, (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ के खरगापुर इलाके में रिटायर्ड आईपीएस अमिताभ ठाकुर की पत्नी नूतन ठाकुर की जमीन पर संचालित अवैध लॉन को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने सोमवार को सील कर दिया।

‘जश्न लॉन’ नाम से संचालित इस परिसर पर आरोप है कि आवासीय जमीन का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। एलडीए के अधिकारियों के मुताबिक, इस संबंध में लॉन संचालक रोहित कुरीच को पहले ही नोटिस जारी किया गया था।

प्राधिकरण ने 8 अप्रैल को सीलिंग नोटिस देकर लॉन संचालन बंद करने के निर्देश दिए थे, लेकिन निर्धारित समय में पालन न होने पर सोमवार को कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति के आवासीय भूखंड पर व्यावसायिक गतिविधियां चलाना नियमों का उल्लंघन है।

जमीन आवंटन को लेकर भी विवाद
मामले में रिटायर्ड आईपीएस अमिताभ ठाकुर पर यह आरोप भी है कि उन्होंने वर्ष 1999 में देवरिया में एसपी रहते हुए अपनी पत्नी के नाम औद्योगिक क्षेत्र में एक प्लॉट लिया था। आरोप है कि आवंटन के दौरान नाम और विवरण में अनियमितताएं की गईं।

बताया जा रहा है कि यह प्लॉट ‘नूतन इंडस्ट्रीज’ के नाम पर आवंटित हुआ था, लेकिन लंबे समय तक वहां कोई औद्योगिक गतिविधि शुरू नहीं की गई। बाद में वर्ष 2002 में इस जमीन की लीज एक कारोबारी को ट्रांसफर कर दी गई।

मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई
इस प्रकरण में सितंबर 2025 में तालकटोरा थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान देवरिया सदर कोतवाली में भी एक और केस दर्ज हुआ।

पुलिस ने 10 दिसंबर को अमिताभ ठाकुर को शाहजहांपुर से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

एलडीए की इस कार्रवाई को अवैध निर्माण और भू-उपयोग नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *