लखनऊ, 17 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वे समाजवादी पार्टी के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार गोसंरक्षण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
धर्मपाल सिंह ने यह बातें दुग्धशाला विकास विभाग की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘दुग्ध स्वर्ण महोत्सव-2026’ के शुभारंभ के दौरान कहीं। यह दो दिवसीय कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स हॉल में आयोजित किया जा रहा है, जहां दुग्ध उत्पादों और नई तकनीकों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोसंरक्षण के लिए दी जाने वाली दैनिक सहायता राशि 30 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 7,500 गोसंरक्षण केंद्र संचालित हो रहे हैं, जहां करीब 13.5 लाख गायों का पालन-पोषण किया जा रहा है और इस पर प्रतिदिन 8 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो रहा है।
उन्होंने उद्यमियों और सक्षम नागरिकों से अपील की कि वे 200-300 गायों वाली किसी एक गोशाला को एक वर्ष के लिए गोद लें। धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारतीय परंपरा में गाय का विशेष महत्व है और गोबर, गोमूत्र तथा दूध को उपयोगी बताया गया है। उन्होंने साहीवाल नस्ल की गायों के दूध को विशेष रूप से श्रेष्ठ बताया।
पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि पहले पशु चोरी की घटनाओं से किसान परेशान रहते थे, लेकिन अब प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने कहा, “अब गाय कसाई को देखकर नहीं कांपती, बल्कि कसाई कानून से डरता है।”
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम और दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के. समेत कई अधिकारी और विशेषज्ञ मौजूद रहे। महोत्सव में दुग्ध उत्पादन और प्रसंस्करण से जुड़ी आधुनिक तकनीकों पर चर्चा की जा रही है।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिल रही है। करीब 10 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है, जबकि 50 से ज्यादा प्रदर्शक और 15 से अधिक चर्चा सत्र इसमें शामिल हैं।
