भारत की आकांक्षाएं अब सीमाओं तक सीमित नहीं : हेग में प्रवासी भारतीयों से बोले प्रधानमंत्री मोदी

हेग, 16 मई 2026। नरेन्द्र मोदी ने नीदरलैंड के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत आज अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और उसकी आकांक्षाएं अब केवल अपनी सीमाओं तक सीमित नहीं रह गई हैं। उन्होंने कहा कि नया भारत बड़े सपने देख रहा है और देश के युवा आसमान छूने की आकांक्षा रखते हैं।

करीब 40 मिनट के अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत केवल बदलाव नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ और सबसे तेज प्रगति चाहता है। उन्होंने कहा कि जब देश की आकांक्षाएं असीमित होती हैं तो उसके प्रयास भी असीमित हो जाते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब वैश्विक मंच पर नई पहचान बना रहा है। उन्होंने हाल ही में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन और जी20 शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की सफल मेजबानी करने वाला देश बन चुका है और यह अब एक सामान्य पहचान बनती जा रही है।

स्टार्टअप क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश में केवल चार यूनिकॉर्न कंपनियां थीं, जबकि आज लगभग 125 सक्रिय यूनिकॉर्न मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय स्टार्टअप कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब ओलंपिक की मेजबानी करना चाहता है, वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनना चाहता है, हरित ऊर्जा में अग्रणी भूमिका निभाना चाहता है और विश्व की विकास शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक ताकत लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में इस बार 80 से 90 प्रतिशत तक मतदान हुआ, जिसमें महिलाओं की भागीदारी भी काफी बढ़ी।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने हल्के अंदाज में विपक्ष पर कटाक्ष भी किया। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या लोकप्रिय नाश्ता ‘झालमुड़ी’ हेग तक पहुंच गया है। इसके साथ ही उन्होंने नीदरलैंड के ट्यूलिप और भारत के कमल का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों फूल यह संदेश देते हैं कि जड़ें कहीं भी हों, सुंदरता और शक्ति कायम रह सकती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और नीदरलैंड के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देश वैश्विक स्तर पर मिलकर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ा सकते हैं।

कोविड महामारी और वैश्विक संघर्षों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान दशक दुनिया के लिए चुनौतियों से भरा हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हालात में तेजी से सुधार नहीं हुआ तो पिछले कई दशकों की उपलब्धियां प्रभावित हो सकती हैं।

प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को अपनी पांच देशों की यात्रा के दूसरे चरण में नीदरलैंड पहुंचे हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *